उत्तराखंड

चार धाम यात्रा से पूर्व यातायात व्यवस्था सुधारने में जुटी पुलिस

ऋषिकेशः ऋषिकेश क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार पुलिस प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल करण सिंह नग्नयाल ने कहा कि तीर्थ नगरी की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए शीघ्र चार जनपद के अधिकारियों की बैठक होगी। यहां वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था के साथ-साथ भीड़ के दिनों में ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा।

पुलिस महानिरीक्षक रविवार को नगर निगम सभागार में क्षेत्र के परिवहन और व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों के साथ जन संवाद करने आए थे। सभी प्रतिनिधियों के सुझाव सुनने के बाद उन्होंने कहा कि ऋषिकेश में पूर्णकालिक ट्रैफिक इंस्पेक्टर की तेनाती की जा रही है। यातायात पुलिस में और अधिक सुधार लाया जाएगा। अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था बाधित होती है। इसके लिए सभी थाना क्षेत्र में प्रभावी अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिर्फ यात्रा काल ही नहीं बल्कि वीकेंड पर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करना भी हमारे लिए एक बड़ी चुनौती है।
पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि चार धाम यात्रा मार्गों पर लगने वाले लंबे जाम को देखते हुए ऋषिकेश और आसपास क्षेत्र में ट्रैफिक को रोके जाने के लिए पर्याप्त अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक देहात देहरादून लोकजीत सिंह यात्रा से संबंधित तीनों जनपद देहरादून, टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल के नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। जनपद पौड़ी और टिहरी गढ़वाल के संबंधित पुलिस उपाधीक्षक को संबंधित जिले का नोडल अधिकारी बनाया गया है।

उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को ऋषिकेश में चार धाम यात्रा के लिए 72 सिढ़ी तिराहा से चंद्रभागा पुल तक जीरो जोन योजना को तैयार कर इसे लागू करने के लिए निर्देशित किया।

बैठक में देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल सहित विभिन्न प्रतिनिधियों ने यातायात पुलिस में सुधार और ऋषिकेश की अत्यधिक बिगड़ी यातायात व्यवस्था का मामला उठाया, सभी ने यहां पर पूर्णकालिक ट्रैफिक इंस्पेक्टर की तैनाती की मांग की। जिस पर पुलिस महानिदेशक ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह, पौड़ी गढ़वाल लोकेश्वर सिंह, पुलिस उपाधीक्षक श्रीनगर आरके चमोली, ऋषिकेश संदीप नेगी, इंस्पेक्टर ऋषिकेश शंकर सिंह बिष्ट, इंस्पेक्टर मुनिकीरेती रितेश शाह, इंस्पेक्टर लक्ष्मण झूला रवि कुमार सैनी, उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, महामंत्री प्रतीक कालिया, सूरज गुलाटी, विनोद शर्मा, उद्योग व्यापार महासंघ के अध्यक्ष राजेश भट्ट, पवन शर्मा, नन्द किशोर जाटव, आशुतोष शर्मा, नवल कपूर, बेचन गुप्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!