
डोईवाला, 18 जुलाई। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत 20 जुलाई को हरिद्वार पहुंचकर वन गुर्जरों की समस्याओं एवं संगठन विस्तार को लेकर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर गढ़वाल मंडल सहित हरिद्वार जनपद के किसानों में उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी एवं जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा ने संयुक्त रूप से किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि वन गुर्जरों की लंबे समय से लंबित समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा। साथ ही संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और किसानों की आवाज को और प्रभावी बनाने के लिए भी महत्वपूर्ण रणनीति तैयार की जाएगी।
संजय चौधरी ने कहा कि राकेश टिकैत के हरिद्वार आगमन से किसानों को नई ऊर्जा मिलेगी और क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर व्यापक चर्चा होगी। वहीं सुरेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि यह कार्यक्रम किसानों के हितों की लड़ाई को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने सभी किसान भाइयों, युवाओं और संगठन के पदाधिकारियों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) हमेशा किसानों, वन गुर्जरों और ग्रामीण समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ उनकी आवाज बुलंद करती रहेगी। 20 जुलाई का यह कार्यक्रम संगठन विस्तार के साथ-साथ किसानों की एकजुटता का भी बड़ा संदेश देगा।