देहरादून/ डोईवाला: नगर में अध्यक्ष पद को लेकर भले ही भाजपा कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा हो। परंतु नगर के वार्ड संख्या तीन कान्हरवाला में मुकाबला भाजपा कांग्रेस की बजाय त्रिकोणीय नजर आ रहा है। यहां पर भाजपा से टिकट न मिलने पर स्थानीय जनता की ओर से मिल रहे समर्थन की बदौलत चुनाव लड़ रही आशा सेमवाल ने भाजपा कांग्रेस की नींद उड़ा दी है।
भाजपा ने यहां पूर्व सभासद की पत्नी को टिकट दिया जबकि अपनी ही पार्टी की सक्रिय महिला नेत्री को टिकट वितरण में नकार दिया। जिसका खामियाजा पार्टी को मिलता दिखाई दे रहा है। आशा सेमवाल को स्थानीय स्तर पर मिल रहे समर्थन की बदौलत जनता उन्हें पसंद कर रही है। महिला समूह के जरिए लगातार महिलाओं को स्वावलंबी बनाने व उन्हें रोजगार से जोड़ने का कार्य करने वाली आशा सेमवाल इस वार्ड से मतदाताओं की पसंद बनती जा रही है।
वही हमारे संवाददाता से बातचीत में आशा सेमवाल ने बताया कि यदि जनता ने उन पर विश्वास जताते हुए उन्हें चुनाव में जीत दिलाई तो इस क्षेत्र के विकास कार्यो में वह पीछे नहीं हटेंगी। महिलाओं को रोजगार से जोड़ने व उन्हें सक्रिय रूप से विकास कार्यो में भागीदारी करने को लेकर कार्य होगा।
नगर पालिका में आने वाली विभिन्न योजनाओं का लाभ भी महिलाओं को दिलाया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील करी कि किसी अन्य के चेहरे व पार्टी पर ना जाकर जो प्रत्याशी उनके बीच रहने वाला हो और उनके हर सुख दुख में उनके साथ खड़ा हो ऐसे प्रत्याशी को ही चुने।