देहरादून/ डोईवाला- राजधानी देहरादून के डोईवाला स्थित खैरी गांव निवासी किसान की बेटी ने आइबीआर अचीवर बन सफलता प्राप्त की है।
मात्र एक साल दस महीने की उम्र में ही जसमायरा कौर ने इंडिया बुक आफ रिकार्ड में अपना नाम दर्ज कराकर प्रदेश व अपने गांव का नाम रोशन किया है। किसान परिवार की इकलौती पुत्री की इस प्रतिभा से माता जसप्रीत कौर और पिता मनिंदर सिंह को भी उस पर गर्व है। वही बेहद कम उम्र में बहुमुखी प्रतिभा की धनी यह बालिका महारत हासिल कर गांव में भी चर्चा का विषय बनी है। जसमायरा के पिता मनिंदर सिंह ने बताया कि उनकी बेटी ने रंगीन स्टेवस और ब्लाक से टावर बनाया। इसके अलावा उसने कुछ क्रियाओं का प्रदर्शन किया। रंगो तथा शारीरिक अंगों की पहचान तथा अंग्रेजी वर्णमाला के शब्दों को याद कर अपनी मेमोरी पावर का प्रमाण दिया। निर्धारित समय अवधि के अंदर यह सब कर उसने इस मुकाम को पाया है। 15 अक्टूबर 2023 को जन्मी इस बालिका में सीखने की क्षमता लगन और बहुमुखी प्रतिभा से यह साबित हो गया है कि कम उम्र में भी बच्चे चमत्कार कर सकते है। जसमायरा की मां जसप्रीत कौर ने बताया कि उनकी बेटी मे जन्म से ही सीखने के प्रति बहुत उत्सुकता रहती है।